[हिंदी] पृथ्वी दिवस २०२६ ---------------------- सभी को पृथ्वी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ! पृथ्वी दिवस हमारे ग्रह का वार्षिक वैश्विक उत्सव है और यह हमें याद दिलाता है कि हम सभी इसे संरक्षित करने की शक्ति रखते हैं। हर साल २२ अप्रैल को, १९० से अधिक देशों के लोग पृथ्वी के संरक्षण के लिए एकजुट होते हैं। पृथ्वी दिवस २०२६ का विषय है "हमारी शक्ति, हमारा ग्रह", जो नवीकरणीय ऊर्जा पर प्रकाश डालता है और दुनिया भर के लोगों को एक स्वच्छ, उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए एकजुट होने के लिए प्रोत्साहित करता है। चाहे दूसरों को सीखने में मदद करना हो, रचनात्मक रूप से सोचना हो या सामुदायिक गतिविधियों में भाग लेना हो, हम सभी बदलाव ला सकते हैं! इस वर्ष के उत्सव के रूप में, हम आपको पृथ्वी दिवस से संबंधित प्रोजेक्ट्स बनाने और उन्हें स्टूडियो में हमारे साथ साझा करने के लिए आमंत्रित करते हैं! शुरुआत करने के लिए विचारों की तलाश में हैं? - पृथ्वी दिवस मनाने के लिए एक इंटरैक्टिव कार्ड डिज़ाइन करें l - एक ऐसा गेम बनाएँ जिसमें आप नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग करके एक शहर को बिजली प्रदान करें l - एक ऐसा एनिमेशन बनाएँ जो दिखाए कि कैसे छोटे-छोटे कार्य बड़ा बदलाव ला सकते हैं l - एक ऐसा इंटरैक्टिव प्रोजेक्ट बनाएँ जिसमें आपके निर्णय पृथ्वी के स्वास्थ्य को प्रभावित करें l - अपने सपनों के पर्यावरण-अनुकूल शहर या दुनिया की कल्पना करें l - पृथ्वी के दृष्टिकोण से एक कहानी लिखें l - एक ऐसा गेम बनाएँ जिसमें आप महासागरों, जंगलों या शहरों को साफ करें l - अपना खुद का नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत बनाएँ और दिखाएं कि यह कैसे काम करता है l - एक ऐसा प्रोजेक्ट बनाएँ जो कला, संगीत या कहानी के माध्यम से दिखाए कि पृथ्वी आपके लिए क्या मायने रखती है l - "हमारी शक्ति, हमारा ग्रह" विषय पर विचार करें और उससे संबंधित एक प्रोजेक्ट बनाएँ! ध्यान रहे, ये केवल सुझाव हैं! आप अपने विचार भी दे सकते हैं, या स्टूडियो में पहले से चल रही परियोजनाओं से प्रेरणा ले सकते हैं! पृथ्वी दिवस के बारे में अधिक जानकारी के लिए नीचे देखें। आप क्या बनाएँगे? =^..^= -------------- अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न पृथ्वी दिवस क्या है? पृथ्वी दिवस पृथ्वी का जश्न मनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्थन दिखाने के लिए मनाया जाने वाला एक वार्षिक कार्यक्रम है। यह हर साल २२ अप्रैल को १९७० में शुरू हुए आधुनिक पर्यावरण आंदोलन की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस वर्ष पृथ्वी दिवस का विषय क्या है? इस वर्ष पृथ्वी दिवस का विषय है "हमारी शक्ति, हमारा ग्रह", जो दुनिया भर के लोगों को नवीकरणीय ऊर्जा के लिए एकजुट होने और २०३० तक स्वच्छ बिजली के वैश्विक उत्पादन को तीन गुना करने का आह्वान करता है। मैं कैसे शामिल हो सकता हूँ? पृथ्वी का जश्न मनाने और पर्यावरण के प्रति अधिक जागरूक होने के कई तरीके हैं। पृथ्वी दिवस के आयोजकों की ओर से कुछ सुझाव: - ज्ञान ही शक्ति है - चाहे आप छात्र हों, युवा नेता हों या पर्यावरण के बारे में जानने के इच्छुक हों, आप तथ्य जान सकते हैं, जागरूकता फैला सकते हैं और लोगों को प्रेरित कर सकते हैं। - पेड़ लगाने या रीसाइक्लिंग सीखने जैसे कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लें। - हमारी धरती की रक्षा के महत्व के बारे में दूसरों को जागरूक करने के लिए अपनी आवाज़ उठाए। - हमारे समुद्र तटों, महासागरों, नदियों, झीलों, पगडंडियों, पार्कों आदि को कूड़े से मुक्त रखने में मदद करें। आप और किन तरीकों से मदद कर सकते हैं? इस विषय पर एक प्रोजेक्ट बनाएँ और हमारे साथ साझा करें! अधिक जानकारी कहाँ से प्राप्त करें? अधिक जानने के लिए इस स्टूडियो में मौजूद प्रोजेक्ट देखें और/या अधिक जानकारी के लिए पृथ्वी दिवस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: https://www.earthday.org/earth-day-2026/